मैथन में सात दिवसीय श्री श्री रुद्र महायज्ञ प्रारंभ
श्री श्री रुद्र चंडी महायज्ञ एवं शिव, दुर्गा, हनुमत प्राण-प्रतिष्ठा महा महोत्सव का भव्य शुभारंभ, 551 कलशों की शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब*
मैथन क्षेत्र के वनमेढ़ा डॉक्टर्स कॉलोनी में आयोजित सप्ताहव्यापी श्री श्री रुद्र चंडी महायज्ञ एवं शिव, दुर्गा, हनुमत प्राण-प्रतिष्ठा महा महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। धार्मिक उत्साह और श्रद्धा से सराबोर इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे क्षेत्र में भक्ति, आस्था और उत्सव का वातावरण देखने को मिला। यजमान संतोष सिंह एवं सुदेश सिंह द्वारा सभी पुरोहितों को चंदन टिका लगा एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया।
कलश यात्रा में 551 महिलाओं एवं युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। सभी श्रद्धालु नंगे पांव पैदल यात्रा करते हुए वनमेढ़ा से गोगना स्थित छठ घाट नदी तट पहुंचे। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान शिव, मां दुर्गा और बजरंगबली के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। पूरा मार्ग भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
गोगना स्थित छठ घाट पर विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं जल भराई की गई। धार्मिक अनुष्ठान के बाद सभी श्रद्धालु कलश लेकर पुनः यज्ञ स्थल पहुंचे, जहां वैदिक रीति-रिवाज के अनुसार कलशों की स्थापना की गई। पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि यह महोत्सव 3 जुलाई से 10 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन श्री श्री रुद्र चंडी महायज्ञ, धार्मिक अनुष्ठान, प्रवचन, भजन-कीर्तन, हवन-पूजन तथा शिव, दुर्गा एवं हनुमान जी की प्राण-प्रतिष्ठा से जुड़े विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। बताया गया की शाम 6 बजे से प्रवचन कर्ता उत्तम कृष्ण शास्त्री के मुखाबिंद से श्रीमद भागवत कथा का शुभराम्भ होगा।
महोत्सव के शुभारंभ पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं आयोजन समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


Comments
Post a Comment