नवोदय विद्यालय में छात्र के साथ मारपीट और रैगिंग का मामला
*जवाहर नवोदय विद्यालय में छात्र से कथित मारपीट एवं रैगिंग का वीडियो वायरल, जांच शुरू*
रिपोर्ट आर पी सिन्हा
:-निरसा के बेनागोरिया स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में एक छात्र के साथ कथित रूप से सहपाठीयों छात्रों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक छात्र को बेल्ट से पीटते हुए दिखाया जा रहा है। घटना के सामने आने के बाद अभिभावकों एवं ग्रामीणों में आक्रोश है और विद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्र की पहचान सुमित कुमार दास के रूप में हुई है, जो धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के नगरकियारी गांव का निवासी बताया जा रहा है। आरोप है कि हॉस्टल में कुछ सहपाठी छात्रों ने उसके साथ मारपीट की। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।
नवोदय विद्यालय जैसे आवासीय शिक्षण संस्थानों में अभिभावक अपने बच्चों को सुरक्षित एवं अनुशासित वातावरण में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की उम्मीद के साथ भेजते हैं। ऐसे में इस प्रकार की घटना ने छात्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्यालय से जुड़े विवाद पहले भी सामने आ चुके हैं। ऐसे में इस घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस एवं वरीय पदाधिकारी गण मामले की जांच में जुट गए है साथ ही जनप्रतिनिधियों का दल मामले की जांच के लिए विद्यालय पहुँच रहा है अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मारपीट के कारणों और घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
Comments
Post a Comment